नशे में धुत युवक ने मैच देखने के दौरान छोटे भाई की कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

अमरावती, २३ नवंबर। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच देखते हुए शराब के नशे में धुत 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। यही नहीं, इस दौरान उसने अपने पिता को भी घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना अंजनगांव बाड़ी गांव में रविवार को उस समय हुई जब प्रवीण इंगोले टीवी पर भारत और आस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मैच देखते हुए शराब पी रहा था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रवीण के पिता रमेश इंगोले ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था, जिसके बाद आरोपित ने पिता पर लोहे की छड़ से हमला कर दिया। आरोपित ने छोटे भाई अंकित पर भी छड़ से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। फाइनल मैच में भारत की हार, घटना की मुख्य वजह नहीं थी। उन्होंने बताया कि ऐसा शराब के प्रभाव व गुस्से में हुआ। पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

RO No. 13467/11