
हरदोई 25 अक्टूबर। मिशन शक्ति को लेकर शाहाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीएम कार्यक्रम स्थल के पास नाले में गंदगी देख आपा खो बैठे। एसडीएम से नाराजगी जताते हुए कहा कि आप तो यहीं रहती हैं, फिर भी ध्यान नहीं दिया। एसडीएम ने ईओ को पूर्व में ही नाला सफाई के निर्देश देने की बात जैसे ही बताई, डीएम ने कहा कि इसी नाले में डुबो देना चाहिए दोनों को, यहां लाकर खड़ा कर दो और दिखाओ यह क्या है। दो नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेने मंगलवार को डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी केशव चंद्र गोस्वामी शाहाबाद पहुंचे थे।
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान उससे सट कर बह रहे नाले में बजबजाती गंदगी और कीचड़ देख डीएम ने एसडीएम पूनम भास्कर से पूछा कि आपको यह नहीं दिख रहा है। एसडीएम ने कहा कि वह ईओ को नाला सफाई का निर्देश दे चुकी हैं। इस पर भडक़ते हुए डीएम ने कहा कि अगर चेयरमैन और ईओ निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं तो उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाओ। डीएम ने ईओ के कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित न होने पर भी नाराजगी जताई।


























