
रायपुर। मंत्रालय सहित अन्य शासकीय विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर आधा दर्जन लोगों से 12 लाख की धोखाधड़ी करने वाले दो युवकों को टिकरापारा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी एक राजनीतिक दल से भी जुड़ा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रार्थिया नंदनी धीवर एवं नीलकंठ गोंड, गीता देवांगन, घनश्याम देवांगन, मीनाक्षी मिश्रा, सुरेखा शोरी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि आरोपी प्रशांत सोनी, उत्तम उर्फ विक्रम नेताम एवं पिंकी कौर द्वारा मंत्रालय एवं अन्य विभागो में शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर सभी से अलग-अलग 12,00,000 लाख रूपए वसूला गया और रकम मिलने के बाद भी नौकरी नहीं लगवाई गई। शिकायत को गंभीरता में लेते हुए शिकायत की जांच की गई जिसमें आरोपियों द्वारा नौकरी लगाने के नाम पर प्रार्थियों से ऑन लाईन, चेक एवं नगदी के माध्यम से रकम प्राप्त कर धोखाधड़ी करना पाये जाने से आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर आरोपी प्रशांत सोनी पिता सुरेन्द्र सोनी 31 वर्ष निवासी झंडा चौक बोरियाखुर्द तथा उत्तम नेताम उर्फ विक्रम नेताम पिता आंनद राम नेताम 29 वर्ष निवासी पुजारी नगर तीन मंदिर के पास को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया।




















