
जांजगीर। हवा की दिशा में अधिक परिवर्तन होने के कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ रही है। यही वजह है कि जिले के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो गई है। रविवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री था।
न्यूनतम में अभी और बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि रात में ठंड का असर कम नहीं हुआ। जनवरी माह में अच्छी ठंड महसूस हो रही है। अंबिकापुर और जशपुर में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक पहुंच चुका था। वहां पाला और वहां की शीतलहर का असर जरूर जिले में दिख रहा है। मौसम के बदलाव के कारण पिछले सप्ताह भर से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव रहा है। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 9.4 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम राजस्थान के ऊपर 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इनके संयुक्त प्रभाव से हवा की दिशा में और अधिक परिवर्तन होने की संभावना है। इसके कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस के आसपास वृद्धि संभावित है।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बादल छाए पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण पिछले दो दिन से आसमान में बादल छा रहे हैं। मौसम विभाग ने 13 जनवरी को राज्य के अलग-अलग हिस्से में बारिश होने संकेत दिए हैं। बिलासपुर संभाग के 11 जिलों में (सोमवार) गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी। इससे अगले तीन से चार दिनों में रात का तापमान दो से चार डिग्री तक बढ़ सकता है।