पति-पत्नी और वो में वार्ड पार्षद बनीं विलेन, बेटा सहित गिरफ्तार, भारी भीड़ के बीच से घसीटते हुए ले गई पुलिस

भागलपुर, 10 जुलाई । राजमिस्त्री को बिजली के खंभे में बांधकर पिटाई करने के मामले में वार्ड 48 की पार्षद कुमारी कल्पना और उनके पुत्र मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य नामजद आरोपित पार्षद पति वीरेंद्र मंडल व पार्षद प्रतिनिधि सिकंदर की तलाश की जा रही है। 10 अज्ञात आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। भारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंची पुलिस वार्ड पार्षद को घसीटते हुए अपने साथ ले गई। थाना में वार्ड पार्षद की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस हिरासत में उन्हें जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पार्षद को गिरफ्तारी से स्थानीय लोग भड़क उठे। महिलाओं ने वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय का घेराव कर दिया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। दरअसल, पूरा मामला पति-पत्नी और प्रेमी से जुड़ा है। पुलिस ने बताया कि कमल की पत्नी अपने देवर छोटू से प्यार करती थी। कमल को इस बात की जानकारी मिली तो वह वार्ड पार्षद के पास गया। पार्षद ने निर्णय सुनाया कि जब कमल की पत्नी उसके साथ रहना नहीं चाहती तो वह उसे छोड़कर प्रेमी के साथ घर बसा ले। साथ ही यह भी कहा कि कमल की पत्नी अपने प्रेमी के साथ उसी मकान के निचले कमरे में रहेगी। यह बात कमल को नागवारा गुजरी और उसने इसका विरोध किया। कमल की पत्नी अपने प्रेमी व चार बच्चों के साथ अलग हो गई। एक बच्चा कमल ताती के साथ है।

RO No. 13467/11