
हैदराबाद, २० अगस्त । हैदराबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी आठ वर्षीय बेटी की धारदार चाकू से गला काटकर हत्या कर दी।पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति, जो खून से सने कपड़ों में है और उसकी कार में एक मृत लड़की की लाश पड़ी है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी शख्स को आउटर रिंग रोड से हिरासत में लिया।आरोपी शख्स ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अपनी पत्नी से बदला लेने के लिए आठ साल की बेटी की हत्या कर दी। आरोपी के अनुसार, उसकी शादी 2011 में हुई थी और उसकी पत्नी एक कंपनी में कार्यरत है। दोनों के बीच आए दिन झगड़े होने लगे। आरोपी बेरोजगार है और उसकी पत्नी आठ महीने पहले ही उसे छोड़कर अपने माता-पिता के घर पर रहने के लिए चली गई थी। तब से उसकी पत्नी अपने पति से बात नहीं करती थी। आरोपी ने बताया कि महिला उसकी बेटी को भी उससे बात नहीं करने देती थी।आरोपी अपनी बेटी से मिलने उसके स्कूल जाता था और उसके लिए चीजें भी खरीदता था। हालांकि, उसकी पत्नी और परिवार के सदस्यों ने उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। शख्स को यह अहसास हुआ कि उसकी पत्नी अपनी बेटी के साथ खुशी से रह रही है, जबकि उसे आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी से बदला लेने के लिए बेटी को मारने की योजना बनाई। वह शुक्रवार दोपहर अपनी बेटी को स्कूल से अपनी कार में ले गया। जिसके बाद आरोपी ने चाकू से अपनी बेटी का गला काट दिया।वहीं, घटना के बाद आरोपी आउटर रिंग रोड की ओर निकल पड़ा और उसने लड़की के शव को हैदराबाद के बाहरी इलाके में फेंकने की योजना बनाई। हालांकि, उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई और टायर फट गया। तभी वहां से गुजर रहे एक शख्स ने व्यक्ति ने देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।



























