पाटन। ग्राम मर्रा में बुधवार को आयोजित ब्लाक स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने जा रही महिलाओं से भरा एक पिकअप वाहन जामगांव एम और तर्रा के बीच अनियंत्रित होकर पलट गया। सुबह 9 बजे के करीब हुई इस घटना में बिहान समूह की दो दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गई है। इनमें से नौ महिलाओं को गंभीर चोटें आईं है। इन्हें रायपुर मेकाहारा रेफर किया गया है। वहीं शेष घायलों का इलाज शासकीय अस्पताल झीट में कर सभी को छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार बिहान समूह के जामगांव एम कलस्टर में शामिल विभिन्न गांवों की महिलाएं एक पिकअप वाहन में सवार होकर मर्रा में आयोजित ब्लाक स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इस दौरान ही जामगांव एम और तर्रा के मध्य तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना जैसे ही जनपद पंचायत के सीईओ मुकेश कोठारी को मिली तो उन्होंने तत्काल खंड चिकित्सा अधिकारी डा आशीष शर्मा को दी। इसके बाद तत्काल एम्बुलेंस भेजा गया। साथ ही झीट अस्पताल में डाक्टरों सहित सभी स्टाफ को अलर्ट किया गया। इधर डा आशीष शर्मा ने तर्रा और जामगांव एम के उप स्वास्थ्य केन्द्र के स्वास्थ्य संयोजकों को भी घटना स्थल भेजा, जिससे घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया था। इधर एक पिकअप वाहन में इतने लोगों को बिठाकर ले जाने पर सवाल भी उठने लगे हैं, वह भी शासकीय आयोजन में शामिल होने जा रहे थे।