
कुरनूल, 2५ अक्टूबर ।
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में दशहरा समारोह के दौरान लाठियों की पारंपरिक लड़ाई में 100 से अधिक लोग घायल हो गए। हर साल की तरह, होलागोंडा ‘मंडल’ (ब्लॉक) के देवरगट्टू गांव में कल देर रात आयोजित देवरगट्टू बन्नी उत्सव के दौरान दो समूहों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया। घायलों को अदोनी और अलूर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। लाठी की लड़ाई का आयोजन हर साल एक पहाड़ी पर स्थित माला मल्लेश्वर स्वामी मंदिर में दशहरा समारोह के हिस्से के रूप में किया जाता है। पहले की तरह, ग्रामीणों ने लड़ाई आयोजित करने के लिए पुलिस के आदेशों की अवहेलना की।
उनका दावा है कि यह उनकी परंपरा का अंग है। वार्षिक उत्सव के हिस्से के रूप में आधी रात को मल्लम्मा और मल्लेश्वर स्वामी देवताओं के औपचारिक विवाह के बाद विभिन्न गांवों के लोग उनकी मूर्तियों की सुरक्षा के लिए लाठियों से लडऩे के लिए दो समूहों में विभाजित हो जाते हैं। इस वर्ष के आयोजन में प्रतिभागियों के बीच अधिक उत्साह देखा गया। लड़ाई रोकने के लिए पुलिस द्वारा उठाए गए एहतियाती कदमों का कोई असर नहीं हुआ।




















