
वाड्रफनगर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत खरहरा नदी में पिकनिक मनाने गए एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक ,दोस्तों के साथ नए वर्ष के पहले दिन पिकनिक मनाने गया था। अचानक पानी में गिर गया। उसे मिर्गी की भी बीमारी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार खरहरा नदी ,वाड्रफनगर क्षेत्र के प्रमुख पिकनिक स्पाट है। यहां बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने जाते है। नए वर्ष के पहले दिन वाड्रफनगर स्थित खरहरा नदी पर बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने लोग पहुंचे थे। उत्तर प्रदेश के ग्राम खोतोमहुआ का रहने वाला युवक राजेश कुमार भी अपने साथियों के साथ पिकनिक मनाने खरहरा गया हुआ था। वह वाड्रफनगर में ही रहकर काम करता था।नहाने के दौरान अचानक वह पानी में जा गिरा और डूबने से मौत हो गई। साथियों की माने तो युवक को मिर्गी का दौरा पड़ता था। नहाने के दौरान उसे मिर्गी का ही दौरा आया था। आसपास कोई नहीं था। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई घटना की जानकारी मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस चौकी से टीम रवाना हुई। शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम करने के लिए भेजा गया है। घटना की सूचना मृतक के स्वजन को भी दे दी गई है।




















