
चकिया (पूर्वी चंपारण)। बिहार में प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के राज्य सचिव रियाज मारूफ को चकिया पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पीएफआई के इस राज्य सचिव की तलाश एटीएस और एनआईए की टीमों को काफी दिनों से थी।बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह शहर के वार्ड 13 कुअवा निवासी पीएफआई का राज्य सचिव रियाज मारूफ मछली खरीदने के लिए बाजार आया हुआ था।वह जब मछली खरीदकर वापस लौट रहा था तभी गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस ने उसे सुभाष चौक के निकट से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, रियाज मारूफ को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है।वहीं, पुलिस की ओर से रियाज को गिरफ्तार किए जाने की सूचना एनआईए और एटीएस को भी दे दी गई है। बता दें कि एनआईए की टीम ने कई बार रियाज मारूफ की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की थी, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली थी।




















