
नई दिल्ली। गुजरात की 25 लोकसभा सीटों पर 7 मई यानी आज मतदान शुरू हो चुका है। यहां शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मुकेश दलाल निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं। बाकी बची 25 लोकसभा सीटों पर मतदान है। गृह मंत्री अमित शाह समेत चार केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। मतदान करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने अपनी अंगुली में लगी स्याही भी दिखाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में अपना वोट डाला। यहां की गांधीनगर लोकसभा सीट से अमित शाह दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। वहीं मतदान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इसी समय एक बुजुर्ग महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने परिवार के साथ अहमदाबाद के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद अमित शाह ने अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ कामेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। शाह ने विक्ट्री साइन भी दिखाया। शाह ने कहा कि आज लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान है। मैं देशभर के सभी मतदाताओं और गुजरात के मतदाताओं से भी हार्दिक अपील करना चाहता हूं कि वे आगे आएं और इस उत्सव में भाग लें।




















