बड़ों के लिए बने स्विमिंग पूल में नहाने उतरे बालक की डूबने से मौत

सूरजपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के स्टेडियम ग्राउंड के पास निर्माणाधीन तरण ताल (स्विमिंग पूल) में रविवार को एक छह साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना शाम साढ़े पांच बजे के आसपास की बताई जा रही है।
अंबिकापुर देवीगंज रोड निवासी व लक्ष्मी बोरवेल के संचालक हेमंत अग्रवाल का छह साल का पुत्र निहित अग्रवाल अपनी मां के साथ नानी के घर सूरजपुर गया था वहां अपने परिचितों और स्वजनों के साथ सूरजपुर में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल में स्नान करने गया था। इस स्विमिंग पूल में बच्चों और बड़ों के लिए अलग-अलग दो पूल बनाए गए हैं। सभी नहाने में मशगूल थे। इस दौरान निहित अग्रवाल बच्चों के लिए बनाए गए पूल से निकलकर बड़ों के लिए बनाए गए स्विमिंग पूल उतर कर नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। इसका किसी को पता ही नहीं चला। अचानक नहाने के दौरान किसी व्यक्ति का पैर नीचे पूल में किसी चीज से टकराया। तत्काल उसने नीचे डुबकी मार कर देखा। वहां एक शव नीचे पड़ा हुआ था।
शव को बाहर लाते ही उसकी पहचान निहित के रूप में की गई। शव देखते ही उसकी मां और बाकी लोगों में चीख पुकार मच गई। स्वजन बच्चे के शव को देख सदमे में आ गए। अंबिकापुर और सूरजपुर के उनके रिश्तेदार बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे घोषित कर दिया। इस घटना में बड़ी लापरवाही की बात भी सामने आ रही। बता दे कि यहां दो पूल बनाए गए हैं। बच्चों का स्विमिंग पूल ढाई फीट गहरा है जबकि बड़ों के लिए बनाया गया पूल पांच फीट गहरा है। बालक निहित इसी पांच फुट वाले पूल में नहाने के दौरान डूब गया। इस घटना से सूरजपुर और अंबिकापुर में शोक का माहौल निर्मित हो गया है।

RO No. 13467/11