नईदिल्ली, ०८ जुलाई [एजेंसी]। रफीगंज (औरंगाबाद): रफीगंज थाना क्षेत्र के बघासोती गांव के बधार में शुक्रवार को चारा चर रही करीब एक दर्जन गायों को बदमाशों ने गोली मार दी है। गोलीबारी में बघासोती गांव निवासी रवींद्र चौधरी, सहेंद्र चौधरी, सत्येंद्र पासवान, देवनंदन रविदास, बासुदेव रविदास, व्रत चौधरी, विनय राम, सुनील राम, पप्पू राम, मंतोष राम,अजय पासवान की गायें घायल हुई हैं।गोलियों की तड़तड़ाहट सुन ग्रामीण दौड़े तो बदमाश फरार हो गए।ग्रामीण अपनी घायल गायों को लेकर घर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि कई गायों को दो से तीन गोली मारी गई है। सभी संवाद प्रेषण तक जीवित हैं। घायल गायों को उपचार करने को लेकर पशु चिकित्सकों को सूचना दी गई है। अब तक पशुपालन विभाग की टीम गांव नहीं पहुंच सकी है।ग्रामीणों ने बताया कि हर दिन गायों को चरने के लिए बधार में छोड़ दिया जाता है। सभी पशु खाली पड़े खेत में घास चर रहे थे कि एक विशेष समुदाय के बदमाशों गोली मार दी है। बताया कि जहां सभी गाय घास चर रहे थे उसके समीप पोगर पंचायत के बिहटा गांव के एक ग्रामीण का तालाब है।तालाब में मछली पालन किया गया है। तालाब में पानी भरने के लिए पाइप बिछाया गया था। घास चरने के दौरान गाय पाइप पर चढ़ गई। गाय को पाइप पर चढ़ते देख बिहटा गांव के आक्रोशित बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने और उसकी आवाज से सभी पशु इधर उधर भागने लगे। बधार में मौजूद पशुपालक भी भाग निकले।जिन पशुपालकों के पशुओं को गोली लगी है उन्होंने बताया कि गोली चलाने वाले सभी बदमाश पोगर पंचायत के बिहटा गांव के हैं। इस घटना को लेकर दोनों समुदाय में तनाव बढ़ गया है। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष गुफरान अली पुलिस बल के साथ गांव पहुंच मामले की जांच में जुट गए।उन्होंने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। एसपी स्वप्ना गौतम मेश्राम ने बताया कि घटना की जांच के लिए थानाध्यक्ष को गांव भेजा गया है। पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। इस घटना में जो भी शामिल हैं उन्हें चिन्हित करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी। ————–