बिश्रामपुर। कल्याणपुर के कोलतापारा में जमीन संबंधी विवाद को लेकर कांग्रेसी नेता द्वारा अपने साथियों के साथ भूमि पर वर्षों से काबिज आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण महिला पुरुषों की लाठी डंडे से बेदम पिटाई के मामले में लटोरी पुलिस ने कांग्रेसी नेता समेत चार आरोपितों को बलवा, मारपीट व हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले के अन्य फरार आरोपितों की पुलिस तलाश में जुटी है।
मारपीट की वारदात शुक्रवार को हुई थी। बता दें कि गांव के ही शंभू प्रधान, शौक़ी प्रधान, परमानंद प्रधान वगैरह सालों से वहां रहकर जीवन यापन करते हैं। उस जमीन को लेकर गांव के ही कांग्रेस नेता माखन जायसवाल से उनका विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार को दर्जनों लोगों के साथ लाठी डंडा से लैस होकर पहुंचे माखन जायसवाल एवं उनके साथियों ने मनोज प्रधान पिता दुर्योधन प्रधान समेत शौकी प्रधान पिता देबू प्रधान, शंभू प्रधान पिता प्रफुल्ल प्रधान एवं महिलाओं पर लाठी डंडा से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।मामले में घटना में घायल शंभू प्रधान की रिपोर्ट पर लटोरी पुलिस ने कांग्रेस नेता माखन जायसवाल समेत रति जायसवाल, विनोद जायसवाल, अक्षत जायसवाल, मनोज जायसवाल एवं अन्य आरोपितों के विरुद्ध धारा 147, 148, 149, 294, 506, 323, 307, 427 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में गंभीर एसपी इंदिरा कल्याण एलिसेना के निर्देश पर हरकत में आई लटोरी पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित माखन जायसवाल पिता जवाहर लाल जायसवाल 47 वर्ष समेत उसके सगे भाई मनोज जायसवाल 44 वर्ष, विनोद जायसवाल 42 वर्ष एवं चाचा रति प्रसाद पिता स्वर्गीय चमरू प्रसाद जायसवाल 73 वर्ष निवासी कल्याणपुर को उक्त धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।