पामगढ़। पामगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता को दहेज के लिए प्रताडि़त करने के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। वहीं विवाहिता का पति, सास और ससुर और जेठ सभी फरार हैं। पामगढ़ थाना प्रभारी सनत कुमार मात्रे के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी 2020 में व्यापार विहार बिलासपुर निवासी गजेंद्र कश्यप के साथ सामाजिक रीति रिवाज से हुई थी।
शादी के कुछ दिनों तक तो ठीक रहा। इसके बाद से महिला का पति, ससुर, जेठ, अन्य रिश्तेदार शादी में कम दहेज लाने, बाइक नहीं लाने के कारण प्रताडि़त करने लगे। नवविवाहिता ने उसके साथ हो रही घटनाओं से अपने मायके वालों को अवगत कराया था। लेकिन उसके ससुराल वालों की आदत नहीं बदली। इससे परेशान होकर नवविवाहिता ने थाना में शिकायत की थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 498ए, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि थाना प्रभारी सनत कुमार मात्रे ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार जिनके खिलाफ शिकायत होती है उन्हें नोटिस देकर थाने में बुलाया जाता है। इसी का पालन करते हुए कई बार नोटिस दी गई, लेकिन उन्होंने लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाहिता की जेठानी रमाबाई कश्यप उम्र 32 वर्ष और पुष्पांजली कश्यप उम्र 31 वर्ष को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।