
कोरबा। नगर पंचायत छुरीकला के वार्ड क्रमांक-1 बिंझपुर मोहल्ला पिछले 20-25 दिनों से बिजली के अभाव में अंधेरे में डूबा है।
बिंझपुर में विद्युत विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति हेतु ट्रांसफार्मर लगाया गया था जो खराब होने से पिछले 20-25 दिनों से पूरे वार्ड की बिजली बंद पड़ी है। सुधारने को लेकर नगर अध्यक्ष, वार्ड पार्षद और वार्ड के लोगों द्वारा विद्युत अधिकारी कटघोरा को सूचना दिया गया परंतु हठधर्मिता से बिजली सुधारने को लेकर कोई सुध नहीं ली गई। वार्ड के लोगों का कहना है बिजली बंद होने से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है और नदी, तालाब, कुंआ के गंदा पानी को पीना पड़ रहा है। बिजली सुधारने व नया ट्रांसफार्मर लगाने विद्युत अधिकारी से कई बार मांग की गई। काफी हाथ-पांव मारने के बाद ट्रांसफार्मर लगाया गया परंतु बिजली बहाल नहीं की गई। बिजली बहाल करने के लिए बिजली कर्मचारी द्वारा लोगों से चंदा के रूप में राशि की मांग की गई थी, नहीं देने पर बिजली बहाल नहीं की गई। ट्रांसफार्मर लगाने के बाद भी लोगों को अंधेरे में दीया और मोमबत्ती के सहारे रात बितानी पड़ रही है। दो दिनों में वार्ड की बिजली बहाल नहीं की गई तो वार्ड के लोगों द्वारा जनआंदोलन किया जायेगा।
























