
पटना, 01 अप्रैल [एजेंसी]।
बिहार के कई जिलों में रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी। तनावपूर्ण माहौल के बीच भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। नालंदा, रोहतास और गया में सबसे अधिक बवाल हुआ। पुलिसकर्मी, महिला समेत दर्जनों लोग घायल हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशान ने धारा-144 लगा दी है। नालंदा में रामनवमी के दूसरे दिन का माहौल तब खराब हुआ, जब बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद द्वारा आयोजित शोभायात्रा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसके बाद कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें सात लोग गोली लगने से घायल हो गए। एक यात्री बस सहित दर्जन भर छोटे-बड़े वाहन के अलावा तकरीबन आधा दर्जन दुकानों में उपद्रवियों ने आग लगा दी और जमकर तोडफ़ोड़ की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। धारा-144 लगा दी गई है। एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि पुलिस अलर्ट पर है। 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना के नवरतन बाजार, गोला रोड समेत कुछ अन्य मोहल्लों में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच झड़प होने के बाद जमकर पथराव हुआ, जिसमें दो पुलिसकर्मी बुरी तरह जख्मी हो गए। आधा दर्जन से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। यहां भी निषेधाज्ञा लागू है। एसडीपीओ संतोष कुमार राय ने बताया कि मामले में फिलहाल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है। देर रात कुछ समय के लिए माहौल अशांत होने के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है।
वर्तमान में स्थिति सामान्य है। तीन जिले की पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। कैमूर, औरंगाबाद और भोजपुर जिले की पुलिस समेत एसएसबी की कंपनी को प्रभावित इलाके में तैनात हैं।