भाजपा ने दो मौजूदा और एक पूर्व विधायक पर खेला दांव

जांजगीर – चांपा । भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने जांजगीर चांपा जिले में दो वर्तमान विधायक नारायण चंदेल और सौरभ सिंह को फिर से टिकट दी है। वहीं अजा आरक्षित सीट पामगढ़ में नए चेहरे को मौका दिया गया है। यहां से ग्राम भलवाही निवासी पार्टी के अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष लहरे को टिकट दी है।जिले में जांजगीर चांपा , अकलतरा और पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। जांजगीर चांपा में भाजपा ने नारायण चंदेल पर छठवीं बार भरोसा जताया है। वे अब तक यहां से तीन बार विजयी हुए हैं। जबकि दो बार उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा है। अकलतरा विधानसभा से भाजपा ने सौरभ सिंह पर दूसरी बार भरोसा जताया है। वर्ष 2018 के चुनाव में भी वे विजयी हुए थे। उन्होंने बसपा उम्मीदवार ऋ चा जोगी को पराजित किया था। जबकि पामगढ़ अजा आरक्षित सीट पर भाजपा ने इस बार नए चेहरे को मैदान में उतारा है। पार्टी के अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ग्राम भलवाही निवासी संतोष लहरे को पार्टी ने टिकट दी है। इसी तरह सक्ती जिले में सक्ती विधानसभा से वर्ष 2013 में विधायक रहे खिलावन साहू को पार्टी ने फिर से मैदान में उतारा है। 2018 के चुनाव में डा. चरणदास महंत के विरूद्ध भाजपा ने पूर्वमंत्री मेघाराम साहू को टिकट दी थी मगर वे चुनाव हार गए। इस बार पांच साल के अंतराल में पार्टी ने खिलावन साहू को दूसरी बार टिकट दी है। जबकि जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के सक्ती जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा को उम्मीदवार बनाया है। पिछले चुनाव में जैजैपुर से कैलाश साहू को टिकट मिला था मगर वे चुनाव हार गए थे। इस बार यहां से पार्टी ने नए चेहरे को मौका दिया है। वहीं चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने स्व. युद्धवीर सिंह जूदेव की पत्नी संयोगिता सिंह जूदेव को फिर से उम्मीदवार बनाया है। वे पिछला चुनाव हार गई थीं। भाजपा ने अविभाजित जांजगीर चांपा जिले से एक मात्र महिला उम्मीदवार को मौका दिया है। सक्ती जिले के चंद्रपुर विधानसभा से संयोगिता सिंह को टिकट दी गई है। जबकि जांजगीर चांपा व सक्ती जिले के अन्य पांच सीटों पर पुरूष उम्मीदवार हैं। दोनों जिले में भाजपा ने किसी भी ब्राह्मण को उम्मीदवार नहीं बनाया है। इसको लेकर इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने मैसेज भी प्रसारित किया। इस मुद्दे पर बहस भी चली। समाज के लोगों ने भी जिले के किसी भी ब्राह्मण को उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर नाराजगी जताई है।

RO No. 13467/11