
बलरामपुर। सरगुजा संभाग की 14 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पिछले विधानसभा चुनाव में मिली हार का बदला लेते हुए भाजपा ने हिसाब बराबर कर दिया है। सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। सरगुजा संभाग के इतिहास में भाजपा को विधानसभा चुनाव में इतनी बड़ी जीत कभी नहीं मिली थी। सरगुजा जिले के हाईप्रोफाइल अंबिकापुर विधानसभा सीट पर भाजपा के नए चेहरे राजेश अग्रवाल ने कड़े संघर्ष में टीएस सिंहदेव को पराजित कर दिया है। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में पांचवीं बार जीत का अमरजीत भगत का सपना साकार नहीं हो सका। उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। यहां भाजपा ने 13 वर्षों तक सेना में नौकरी करने वाले पूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो को चुनाव मैदान में उतारा था। रामकुमार टोप्पो ने अमरजीत भगत को करारी शिकस्त दी है। लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र से अंबिकापुर के पूर्व महापौर भाजपा प्रत्याशी प्रबोध मिंज ने कांग्रेस के डा प्रीतम राम को पराजित कर दिया है। बलरामपुर जिले के समरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की उद्धेश्वरी पैकरा ने कांग्रेस के विजय पैकरा को तथा रामानुजगंज विधानसभा सीट पर भाजपा के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री राम विचार नेताम ने फिर से जीत दर्ज कर ली है।उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अंबिकापुर के महापौर डा अजय तिर्की को पराजित किया है। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विधानसभा सीट से भाजपा की शकुंतला सिंह ने कांग्रेस की राजकुमारी सिंह मरावी, भटगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की नई प्रत्याशी लक्ष्मी राजवाड़े ने दो बार से कांग्रेस के विधायक पारसनाथ राजवाड़े को तथा प्रेमनगर विधानसभा सीट से भाजपा के नए प्रत्याशी भूलन सिंह मरावी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता खेलसाय सिंह को करारी शिकस्त दी है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर सीट पर भाजपा के भैयालाल राजवाड़े फिर से विजयी हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस की अंबिका सिंह देव को पराजित कर दिया है। महेंद्रगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा के श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस के रमेश सिंह को पराजित किया है। भरतपुर – सोनहत सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कांग्रेस के गुलाब कमरों को पराजित किया है। जशपुर जिले की तीनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए हैं। जशपुर से रायमुनि भगत, कुनकुरी से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय तथा रायगढ़ लोकसभा सदस्य गोमती साय ,पत्थलगांव सीट से जीत दर्ज की है। इन तीनों सीटों पर कांग्रेस ने पिछली बार विधायक निर्वाचित हुए विनय भगत, यूडी मिंज तथा वयोवृद्ध कांग्रेस नेता राम पुकार सिंह पर भरोसा जताया था लेकिन इन तीनों को हार का मुंह देखना पड़ा है। सरगुजा संभाग में ऐतिहासिक जीत मिलने तथा छत्तीसगढ़ में फिर से सत्ता पर काबिज होने पर भाजपाइयों में उत्साह का माहौल है। जीत के बाद सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भाजपाइयों द्वारा जीत का जबरदस्त जश्न मनाया जा रहा है।























