भाजपा से बगावत पर उतरे रणजीत चौटाला, कहा- हर हाल में रानियां से ही लडूंगा चुनाव

चंडीगढ़/सिरसा। हरियाणा में भाजपा के टिकटों की घोषणा से पहले ही बगावत के सुर फूट पड़े हैं। बगावत करने वाले कोई और नहीं बल्कि पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. देवीलाल के बेटे हरियाणा के बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा में शामिल हुए थे।रणजीत चौटाला पहले कभी कांग्रेस में हुआ करते थे, लेकिन साल 2019 का विधानसभा चुनाव सिरसा जिले की रानियां विधानसभा सीट से निर्दलीय जीता और पूरे पांच साल भाजपा सरकार को समर्थन दिया। इसके बदले में भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के कोटे से रणजीत चौटाला को हरियाणा सरकार में बिजली व जेल मंत्री बनाए रखा। लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने रणजीत चौटाला से रानियां के विधायक पद से इस्तीफा दिलवाकर उन्हें अपनी पार्टी में शामिल किया तथा आधे घंटे के बाद ही हिसार लोकसभा सीट से टिकट थमा दिया। हालांकि हिसार से कांग्रेस के जयप्रकाश जेपी चुनाव जीते हैं, मगर रणजीत चौटाला की हार का अंतर बहुत अधिक नहीं रहा।लोकसभा चुनाव हारने तथा रानियां के विधायक पद से इस्तीफा देने के बावजूद भाजपा ने रणजीत चौटाला को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कैबिनेट में बिजली मंत्री बनाए रखा। अब रणजीत चौटाला को लग रहा है कि भाजपा उन्हें रानियां से शायद ही विधानसभा चुनाव लड़वाए, ऐसे में उन्होंने दबाव की राजनीति आरंभ करते हुए पार्टी छोडऩे के संकेत दे दिए हैं।

RO No. 13467/11