
दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस के जंगल इलाके में शनिवार को एक किशोर का शव मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।मृतक की उम्र करीब 17 साल है। पुलिस को शनिवार सुबह 11.36 बजे वन विभाग के कर्मचारी की एक पीसीआर काल मिली। काल करने वाले ने पुलिस को बताया कि जंगल में एक किशोर का शव है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपराध स्थल का दौरा किया। मृतक की पहचान संजय कालोनी भाटी माइंस निवासी पवन के रूप में हुई है। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर के सिर पर पत्थर से वार किए गए हैं। शव के पास खून भी मिला है। हालांकि पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। पवन के स्वजन ने बताया कि पवन कुछ महीने पहले ही जेल से आया था। उसकी गलत संगत छुड़ाने के लिए मां बाप पवन को लेकर गुरुग्राम किराये के मकान मे शिफ्ट हो गए थे। पवन के दोस्तों का वहां भी आना जाना शुरू हो गया। दो दिन पहले पवन गुरुग्राम अपने घर से बिना बताए चला गया। स्वजन उसे तलाश करते हुए भाटी माइंस अपने घर पहुंचे। यहां भी कुछ पता नहीं चला। सुबह पुलिस ने वारदात की जानकारी दी। स्वजन ने पवन के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।




























