
भोपाल, १८ सितम्बर । शहरवासियों का मेट्रो को लेकर इंतजार अब खत्म हो गया है। दरअसल भोपाल मेट्रो के कोच को लेकर 106 पहिया का ट्राला रविवार देर रात भोपाल पहुंच गया। अब इन कोच को सोमवार सुबह सुभाष नगर डिपो पर क्रेन की मदद से ट्रैक पर उतारा जाएगा। मेट्रो के तीन कोच को लेकर तीन बड़े-बड़े ट्राला 12 सितंबर को गुजरात के सांवली, वड़ोदरा से रवाना हुए थे। जो कि छह दिन में करीब 600 किलोमीटर का सफर तय करते हुए रविवार शाम छह बजे भोपाल पहुंच गए थे। जिन्हें भारी वाहन प्रवेश वर्जित की वजह से मुबारकपुर टोल प्लाजा पर गांधीनगर से पहले सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया था। जहां मौके पर पहुंचकर मेट्रो कोच का परीक्षण किया। 74 पहिया के दो ट्राला पर दो कोच, वजन 37 टन भोपाल सीमा में शाम छह बजे पहुंचने के बाद मेट्रो के तीन कोच यानि ट्रेन को लेकर आ रहे 74 -74 पहिया के दो ट्राला और एक 106 पहिया का ट्राला मुबारकपुर टोल प्लाजा पर खड़े थे। जहां पर रात 11 बजे पहुंची टीम ने कोच के साथ आ रहे कर्मचारियों से बातचीत की तो पता चला कि 37 टन वजनी ट्राला को लगभग 20 की धीमी रफ्तार से गुजरात के सांवली बड़ोदरा से यहां तक लाया गया है। रास्ते में कहीं भी कोई दिक्कत नहीं आई, लेकिन शुक्रवार को तेज वर्षा होने के कारण इंदौर के राऊ में लगभग पांच घंटे ट्रालों को निकालने में लग गए हैं। यहां पर फ्लायओवर का काम चल रहा है।वड़ोदरा से रखी जा रही थी कोच पर नजर कर्मचारियों ने बताया कि हम कोच को लेकर 12 सितंबर को भोपाल के लिए रवाना हुए थे। अत्यंत सावधानी से हम कोच को लेकर भोपाल आए हैं। कंपनी ने एक तिरपाल ढंक कर दी थी, लेकिन कोई नुकसान न हो इसके लिए हमने अलग से और मजबूत तिरपाल ढंक दी थी। तीनों भारी वाहनों पर वड़ोदरा से कंपनी द्वारा जीपीएस के माध्यम से नजर रखी गई। जिससे सुरक्षा के साथ कोच सुभाषनगर डिपो भोपाल पहुंच पाएं। सुभाषनगर डिपो पर तैयारियां पूरी, परीक्षण के बाद होगा ट्रायल भोपाल मेट्रो ट्रेन के कोच को सोमवार सुबह करीब 10 बजे सुभाष नगर डिपो पर अनलोड किया जाएगा।





















