
जांजगीर चांपा। देश का दूसरा व प्रदेश का एकमात्र क्राकोडायल पार्क में अब फिर से रौनक लौटने लगी है। ठंड के दस्तक के साथ ही जिला सहित दूसरे जिले से भी पर्यटक पहुंचने लगे हैं। हर रोज बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचकर मगरमच्छ को नजदीक से देखने का आनंद उठा रहे है। साथ ही पार्क में झूला व अन्य संसाधन का लुत्फ उठा रहे है। प्रदेश का एकमात्र क्रोकोडायल पार्क कोटमीसोनार में स्थित है। जहां पर वर्तमान 350 की संख्या में मगरमच्छ 80 एकड़ के तलाब में विचरण कर रहे है। वन विभाग के देखरेख में मगरमच्छों की भोजन व्यवस्था हो रही है। पर्यटन स्थल के रूप क्रोकोडायल पार्क को विकसित किया गया है, यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, वाच टावर, फिसल पट्टी आदि लगाए गए है। क्षेत्र सहित राज्यभर के लोग वर्तमान में प्रतिदिन सैकड़ो की संख्या में मगरमच्छ देखने पहुंच रहे है। बाकी सीजन में क्रोकोडायल पार्क में पर्यटकों की संख्या कम होने की वजह से सन्नाटा पसरा रहता था। अब ठंड के सीजन में भीड़ बढऩे लगी है। इससे वन विभाग की आदमनी में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 3 दिन में 1500 से ज्यादा पर्यटक क्रोकोडायल पार्क पहुंचे।



























