मतदान करने आए लोगों पर मधुमक्खियों ने किया हमला

कुसमी। बलरामपुर रामानुजगंज जिले के एक मतदान केंद्र में उस समय भगदड़ मच गई जब वहां पास में स्थित एक विशाल पेड़ में डेरा डाले मधुमक्खियों ने ग्रामीण मतदाताओं पर हमला कर दिया। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जवाहरनगर पोलिंग बूथ क्रमांक 224 की है। यहां दोपहर में मतदान चल रहा था। काफी संख्या में ग्रामीण यहां मतदान केंद्र के बाहर खड़े थे। भीषण गर्मी के बीच पीपल पेड़ में लगे छत्ते से मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले में पांच लोग घायल हो गए जिनका उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार सभी मरीज खतरे से बाहर है। बता दे कि यह क्षेत्र भाजपा के सांसद प्रत्याशी चिंतामणि महाराज के गृहग्राम से लगा हुआ है।

RO No. 13467/11