राजनगर, १६ जुलाई [एजेंसी]।
बिहार में मधुबनी जिले के राजनगर प्रखंड में शेखटोली स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शनिवार को एक छात्र की थाली में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) में मरा हुआ मेंढक पाया गया। इससे छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दर्जनों अभिभावक एवं ग्रामीण विद्यालय में जुट गए और प्रदर्शन करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर डीपीओ (एमडीएम) शुभम कुशोधन, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन व दारोगा मेधा कुमारी मौके पर पहुंचे। इन पदाधिकारियों के समझाने पर ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, शेखटोली के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने बताया कि विद्यालय में एकता शक्ति फाउंडेशन नामक स्वयंसेवी संस्था भोजन की आपूर्ति करती है। विद्यालय में 450 विद्यार्थी नामांकित हैं। दोपहर के भोजन के समय 257 मौजूद थे। लगभग 150 बच्चे भोजन कर चुके थे। इसी बीच एक बच्चे की थाली में परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक दिखा। जानकारी मिलते ही मध्याह्न भोजन बंद करा दिया गया।
सभी बच्चों को वर्ग कक्ष में बैठाया गया। तकरीबन दो घंटे तक गहन निगरानी में रखा गया। स्वास्थ्य ठीक पाए जाने के बाद सभी को घर भेजा गया।वहीं, डीपीओ शुभम कुशोधन ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं मिड-डे मील आपूर्ति करने वाली स्वयंसेवी संस्था एकता शक्ति फाउंडेशन के संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।