
छत्रपति, १८ सितम्बर । महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर 16 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहे मनोज जारांगे को रविवार को छत्रपति संभाजीनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने कहा है कि उनका रक्तचाप थोड़ा कम है, लेकिन उनके अन्य स्वास्थ्य मानक सामान्य हैं। जरांगे का उपचार कर रहे एक चिकित्सक ने बताया कि भूख हड़ताल के दौरान उनका वजन आठ से 10 किलोग्राम कम हो गया है। उनका रक्तचाप थोड़ा कम है। किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी) रविवार को सामान्य था। भूख हड़ताल के दौरान केएफटी में उनका सीरम क्रिएटिनिन थोड़ा अधिक था। वह आईसीयू में नहीं हैं। यदि कुछ और जांच के नतीजे सामान्य आते हैं तो उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। जारांगे ने अपनी भूख हड़ताल 29 अगस्त को जालना जिले के अंतरवाली सरती गांव में मराठों के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण की मांग करते हुए शुरू की थी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुलाकात कर उनकी मांगों के संबंध में आश्वासन दिया था। इसके बाद उन्होंने अपनी भूख हड़ताल 14 सितंबर को 17वें दिन समाप्त कर दी थी।





















