कोरबा। नगर निगम महापौर राजकिशोर प्रसाद ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर मुख्य सडक़ों की मरम्मत कराने कहा है। उनका कहना है कि बारिश की वजह से सडक़ें खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। लोगों का इसे लेकर जनप्रतिनिधियों के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। निगम की छवि भी खराब हो रही है।
महापौर ने आगे कहा हैं कि शहर की मुख्य सडक़ें बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई है। सबसे अधिक शिकायत लोगों की सडक़ों को लेकर ही है। बाइक चालक सबसे अधिक परेशान होते हैं। इसकी वजह से दुर्घटनाएं भी हो रही है। इसके बाद भी सडक़ की मरम्मत नहीं कराई गई है। श्री प्रसाद ने कहा कि आपसे चर्चा हुई तो बताया गया था कि ठेकेदार की परफॉरमेंस गारंटी की राशि राजसात की गई है। इसी राशि से शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत कराई जाएगी। लेकिन यह दुर्भाग्यजनक है कि दो महीने बीतने के बाद भी सडक़ों में सुधार नहीं हुआ है। अभी तक कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया है। जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया जा रहा हैं। आने वाले समय में नवरात्र पर्व शुरू होगा। उसके बाद दशहरा व दीपावली है। प्रमुख मार्ग ठीक नहीं हुई तो लोगों की परेशानी और बढ़ेगी।