कोरबा। जिले के छूटे हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाने शुक्रवार को महाभियान चलाया गया। जिले के सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राम पंचायत, स्वास्थ्य केंद्रों, शासकीय स्कूलों समेत सभी च्वाइस सेंटरों में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 6624 हितग्राहियों ने महाभियान में आयुष्मान कार्ड बनवाए। जिले में रुक- रुककर हो रही बारिश के बीच लोग आयुष्मान कार्ड बनाने चिन्हांकित स्थलों पर पहुंचे और जरूरी दस्तावेज दिखाने के बाद आयुष्मान कार्ड बनाएं। महाभियान को सफल बनाने प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्था की गई थी। प्रदेशभर में चलाए गए इस महाभियान में आयुष्मान कार्ड निर्माण में कोरबा जिला दूसरे स्थान पर रहा। महाभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के कैडर और मनरेगा के कर्मचारियों द्वारा आयुष्मान कार्ड बनवाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।