
पुणे। महाराष्ट्र में महायुति सरकार आज अपना पहला बजट पेश करेगी। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व विधायक रवींद्र धंगेकर ने ऐलान किया कि वह कांग्रेस छोड़ देंगे और संकेत दिया कि वह एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। पिछले कुछ महीनों से अटकलें लगाई जा रही हैं कि 2023 में उपचुनाव के दौरान महाराष्ट्र के पुणे जिले की कस्बा विधानसभा सीट जीतने वाले धंगेकर सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।
पिछले साल के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें पुणे निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा था, लेकिन वह भाजपा के मुरलीधर मोहोल से हार गए थे। धंगेकर ने 2024 के राज्य विधानसभा चुनाव में भी कस्बा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के हेमंत रासने से हार गए थे।

























