
कोरबा। शैक्षणिक क्षेत्र में कई प्रकार के नवाचार को शामिल करते हुए शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के मानसिक विकास में लगा हुआ है। शनिवार को बस्तविहीन दिवस पर कोरबा जिले के दुरपा स्थित प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय में ऐसी कई गतिविधियां की गई जिनमें विद्यार्थियों ने काफी दिलचस्पी ली और अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
राज्य सरकार ने विद्यालयों के वातावरण को काफी हद तक सुधारने के लिए कोशिश की है और शिक्षकों को जिम्मेदारी दी है कि वह खास प्रदर्शन इस मामले में करें। सप्ताह में अंतिम दिवस शनिवार को बस्ता विहीन दिवस घोषित किया गया है। इस दिन विद्यार्थियों को विद्यालय जरूर आना है लेकिन बिना बस्ते के। इस दिन विद्यालय में शिक्षकों के द्वारा बच्चों को योग से जोड़ा गया। उन्हें जुंबा डांस करना भी सिखाया गया। विद्यार्थियों ने यह भी सीखा कि खेल-खेल में कैसे पढ़ा लिखा जा सकता है। समाचार पत्र को इसका माध्यम बनाया गया। आत्मविश्वास में बढ़ोतरी करने के लिए विद्यार्थियों को माइक पर अपना परिचय देना भी सिखाया गया। इस खास दिवस को विद्यार्थियों के लिए माय स्कूल थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता रखी गई जिसमें उन्होंने अपनी कुशलता प्रदर्शित की। बताया गया कि दो वर्गों के लिए कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें बालक और बालिकाओं की टीमों ने अपने-अपने वर्ग में प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधान पाठक सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने वास्तव विहीन दिवस पर आयोजित गतिविधियों में अपनी भूमिका निभाई।






















