
जम्मू, 0९ नवंबर । जम्मू कश्मीर में सरकारी विभागों द्वारा लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही ई सेवाओं की गुणवक्ता का आंकलन होगा। मुख्य सचिव डा अरुण कुमार मेहता ने प्रशसनिक कद्यमकाज में पारदर्शिता लाने के लिए ई सेवा गुणवत्ता मूल्यांकन एप (एक्यूएस) लान्च किया है। सिविल सचिवालय में बुधवार को इस स्वदेशी एप को लांच करते हुए मुख्यसचिव ने कहा कि सरकारी कामकाज में बेहतरी लाने की दिशा में यह एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह कदम जम्मू कश्मीर के नागरिकों के लिए ई सेवाओं को बेहतर तरीके से प्रभावी बनाने में सरकार की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस एप से जम्मू कश्मीर में लोगों के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सभी 1075 ई सेवाओं की गुणवक्ता सुनिश्चित होगी। यह पहल ई सेवाओं को कारगर तरीके से प्रभावी बनाने के साथ शासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।इस मौके पर आईटी विभाग की आयुक्त सचिव प्रेरणा पुरी ने बताया कि एक्यूएस एक स्वदेशी पहल है। यह इसका उपयोग करने वालों को मोबाइल ऐप डैशबोर्ड के माध्यम से किसी ई सेवा को लेकर तुरंत प्रतिक्रिया देने का अवसर प्रदान करती है। इस एप से नागरिक ई सेवाओं का मूल्यांकन कर उनमें सुधार करने में अपना योगदान देने में सक्षम हुए हैं। नागरिक वास्तविक समय में सरकार द्वारा दी जा रही सभी 1075 ई सेवाओं को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इससे सरकारी विभागों की ई सेवाओं को लेकर लोगों की फीडबैक हासिल होगी। ई सेवा गुणवत्ता मूल्यांकन एप जम्मू-कश्मीर ई गवर्नेंस एजेंसी की देखरेख में तारांश सूदन, मीर सुहैल अहमद आदि के नेतृत्व वाली टीम द्वारा विकसित किया गया है। इस टीम को ई-सेवा गुणवत्ता मूल्यांकन साफ्टवेयर विकास चैलेंज का विजेता घोषित किया गया। इस दौरान जनभागीदारी पोट्रल के बारे में लोगों को जागरूक बनाने के लिए एक गीत भी जारी किया गया। एप लांच करने के इस कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा, जम्मू-कश्मीर ई गवर्नेंस एजेंसी की मुख् कार्यकारी अधिकारी अनुराधा गुप्ता, स्टेट इन्फारमेटिक्स अधिकारी सलीम खान भी मौजूद थे।





























