
रांची। ओडिशा के राज्यपाल व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की राज्य की राजनीति में वापसी हो सकती है। विधानसभा चुनाव को लेकर जारी प्रदेश भाजपा की अंदरूनी रायशुमारी में उनका नाम जमशेदपुर पूर्वी सीट के लिए प्रत्याशी के तौर पर प्रमुखता से सामने आया है। इस सीट से रघुवर दास लगातार पांच बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के बागी सरयू राय ने परास्त कर दिया था। कहा जा रहा है कि रघुवर दास भी सक्रिय राजनीति में वापसी की इच्छा रखते हैं। पार्टी के नेताओं के मुताबिक उन्होंने अपनी भावना से दल के प्रमुख नेताओं को भी अवगत कराया है।बीते 27 अगस्त को उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
अगर नेतृत्व की हरी झंडी मिलती है तो वह राजनीति में वापसी करेंगे। ओडिशा में रहने के बावजूद उनका अपने गृहनगर जमशेदपुर लगातार आना-जाना लगा रहता है। वह लगातार यहां विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए रखते हैं। समर्थकों को उम्मीद है कि उनकी वापसी होगी। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का राज्य में चौतरफा अभियान चल रहा है।
इस कड़ी में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों चम्पाई सोरेन और मधु कोड़ा ने भाजपा का दामन थामा है। पार्टी को उम्मीद है कि इन दोनों के जरिए आदिवासी मतदाताओं को आकर्षित करने में सफलता मिल सकती है।















