रफ्तार पर कोहरे का “ग्रहण”, न सड़क पर दौड़ पा रहीं बस, पटरियों पर फिसल रही ट्रेन

नईदिल्ली, ३० दिसम्बर । पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी कोल्ड अटैक हो गया है। पारा गोता लगाने को बेताब है तो कोहरे की सफेद चादर बिछ गई है। इसका सबसे अधिक असर रफ्तार पर पड़ा है। दृश्यता कम होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं तो हादसों की आशंका भी बढ़ गई है। पटरियों पर ट्रेन के पहिए भी थम गए हैं।ट्रेनें घण्टों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे से लेकर रोडवेज तक को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन दोनों विभागों के आँकड़ों पर ही यकीन करें तो हर दिन 13 हजार से अधिक यात्रियों को अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ रही है। कोहरे ने दो दिन में रेलवे को दिया सवा करोड़ रुपए का फटका ट्रेनों के लगातार देरी से चलने के कारण दो दिन में 18 हजार से अधिक टिकट हुये कैंसिल कोहरे से रेलवे को तगड़ा नुकसान हो रहा है। इसका अन्दाजा इसी से लगाया जा सकता है कि झाँसी मण्डल से महज दो दिन में सवा करोड़ का नुकसान हुआ है। साथ ही करीब 18 हजार से अधिक टिकट कैंसिल भी हुये हैं। झाँसी से गुजरने वाली वन्दे भारत, शताब्दी, गतिमान एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों का हाल बुरा है। कोहरे के कारण ट्रेन रेंग-रेंग कर चल रही हैं। ट्रेनों के लगातार देरी से चलने के कारण यात्रियों ने भी सफर से दूरी बनानी शुरू कर दी है, जिससे रेलवे की आय को झटका लगने लगा है। 27 व 28 दिसम्बर को 18 हजार से अधिक टिकट कैंसिल हुये, जिससे रेलवे को तगड़ा झटका मिला। करीब सवा करोड़ रुपए से अधिक का रिफण्ड रेलवे को देना पड़ा। कोहरे से ट्रेनों के संचालन पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। शुक्रवार को भी ट्रेनें घण्टों की देरी से आयीं। झाँसी आने वाली केरला एक्सप्रेस शनिवार को झाँसी पहुँचेगी। ट्रेनें घण्टों की देरी से चलने के कारण यात्री परेशान हैं। सर्दी व कोहरे ने रोडवेज को भी भारी नुकसान पहुँचाया है। प्रतिदिन औसतन 3200 यात्री कम हो गए हैं, जिससे रोडवेज को हर रोज 3 लाख रुपए से अधिक का फटका लग रहा है। शुक्रवार को भी रोडवेज की 9 बस रद करनी पड़ गईं। कोहरे को देखते हुये चालकों को विशेष सतर्कता के साथ बस चलाने के निर्देश दिये गये हैं।झाँसी से बस ले जाते समय कोहरा अधिक पडऩे पर बस को निकटतम स्टॉपेज पर रोकने के निर्देश दिये गये हैं। रोडवेज के प्रबन्ध निदेशक सन्तोष कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर कई कदम उठाये गये हैं। सर्दी के कारण ट्रेन व बस बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रेलवे के साथ रोडवेज ने नम्बर जारी किया है, जिस पर जानकारी लेने के बाद ही आप घर से निकलें। रोडवेज के मोबाइल फोन नम्बर 8858478835 पर बस से सम्बन्धी जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा 139 डायल कर ट्रेन की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।

RO No. 13467/11