रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 के चुनाव में जनता ने हिंसा, झूठ और अहंकार के खिलाफ वोट किया है। भाजपा के लोग संविधान को बदलने की बात कर रहे थे पर जनता ने उन्हें संविधान को माथे से लगाने के लिए मजबूर कर दिया है। राहुल ने कहा कि यूपी की जनता ने नरेंद्र मोदी को संदेश दे दिया है कि हमें आपका विजन पसंद नहीं आया है क्योंकि वो कुछ उद्योगपतियों के लिए काम करते हैं। जनता ने बता दिया है कि वो नफरत के खिलाफ है। बेरोजगारी के खिलाफ हैं। रायबरेली की जनता ने इस बदलाव की शुरुआत की है। राहुल गांधी रायबरेली में आभार सभा को संबोधित कर रहे थे। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा फैजाबाद लोकसभा सीट भी हार गई। अयोध्या की जनता ने संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से किसी तरह जीते हैं। अगर वहां से प्रियंका लड़ जाती तो प्रधानमंत्री दो-ढाई लाख वोटों से हारते। देश की जनता ने भाजपा को संदेश दिया है कि ये मोहब्बत का देश है। उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी तो किसी गरीब को, किसी आदिवासी को नहीं बुलाया गया था। फिल्म के लोग मौजूद थे। उद्योगपति मौजूद थे पर किसी गरीब, आदिवासी और दलित को नहीं बुलाया गया था। अयोध्या में भाजपा को हराकर जनता ने संदेश दिया है। अब मुद्दों की बात होगी। महंगाई की बात होगी। बेरोजगारी की बात होगी। अग्निवीर की बात होगी। जनता के मुद्दों की बात होगी। राहुल गांधी ने कहा कि हमारा रायबरेली और अमेठी से बहुत पुराना रिश्ता है। ये करीब 100 साल पहले शुरू हुआ था जब किसानों के आंदोलन के लिए जवाहर लाल नेहरू जी यहां आए थे। ये गहरा रिश्ता है जो अभी है और हमेशा रहेगा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली व अमेठी लोकसभा सीट पर जीत कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस जीत से साबित हो गया है कि प्रदेश व देश के लोग साफ सुथरी राजनीति चाहते हैं। ये सब आप कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। दोनों सीटों पर जीत के लिए राहुल-प्रियंका कार्यकर्ताओं को आभार जताने के लिए पहुंचे थे। इस मौके पर सपा कार्यकर्ता भी कांग्रेस के मंच पर मौजूद रहे। प्रियंका गांधी ने सपा कार्यकर्ताओं के लिए भी आभार जताया।