
लखनऊ, १५ दिसम्बर । राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने उपभोक्ताओं को ऊर्जा की बचत की नसीहत देते हुए इससे जुड़ा अर्थशास्त्र समझाया है। वर्मा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया है कि प्रदेश के सभी उपभोक्ता हर माह सिर्फ एक यूनिट बचाकर 338 करोड़ रुपये की बचत कर सकते हैं। अवधेश वर्मा ने बताया कि उपभोक्ता हर माह सिर्फ एक यूनिट बचाते हैं तो एक वर्ष में 12 यूनिट हो जाएंगी। इस लिहाज से 3.40 करोड़ उपभोक्ता यदि 12 यूनिट बचाएंगे तो एक वर्ष में 40.8 करोड यूनिट ऊर्जा की बचत होगी। वर्ष 2024-25 की जो औसत विद्युत आपूर्ति की लागत लगभग 8.29 रुपये प्रति यूनिट प्रस्तावित है, ऐसे में सभी विद्युत उपभोक्ता साल भर में 338 करोड़ रुपये की बिजली की बचत कर सकते हैं।वर्मा ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर हम सभी विद्युत उपभोक्ता यदि यह ठान लें कि हमें महीने में एक यूनिट बिजली अवश्य बचानी है तो इससे सभी को राहत मिलेगी और सही मायने में ऊर्जा का संरक्षण भी हो पाएगा।
































