राहगीरों की प्यास बुझाने डेढ़ लाख खर्च कर खोला प्याऊ

कोरबा। शहर में कई प्रमुख स्थानों व चौक-चौराहों पर इस बार प्याऊ नहीं लगने से राहगीर परेशान होते हैं, वहीं दूसरी ओर कोसाबाड़ी के पास एक ऐसा प्याऊ है जहां राहगीरों को वाटर कूलर से ठंडा पानी मिलता है साथ ही गर्मी में कुछ देर ठंडी हवा में ठहर भी सकते हैं।शहर के सुभाष चौक से कोसाबाड़ी की ओर जाते समय पैदल व दोपहिया में चल रहे राहगीर पंजाब नेशनल बैंक के सामने सीएसईबी कालोनी से लगे प्याऊ को देखकर रुक जाते हैं। जहां वाटर कूलर से ठंडा पानी पीने व बोतल में भरने के साथ ही थोड़ी देर वहां लगे टेबल पर बैठ जाते हैं। सुबह से रात तक ऐसा क्रम बना रहता है। यह कोई सरकारी सुविधा नहीं बल्कि सीएसईबी कालोनी में रहने वाले मनोज कुमार खरे द्वारा शुरू किया गया प्याऊ है। जिसे उन्होंने करीब एक दशक पहले शुरू किया। तब से अब तक लोगों को सुविधा मिल रही है। वहां लगाए गए 1 हजार लीटर की पानी टंकी हर दिन खाली हो जाती है। खासकर गर्मी के सीजन में लोगों को मनोज कुमार के इस अनुकरणीय पहल से राहत मिल रही है।मनोज कुमार खरे के मुताबिक प्याऊ बनाने के लिए शेड लगाने के साथ ही वहां छत पर पंखा, दो वाटर कूलर, बड़ी पानी टंकी, राहगीरों के बैठने के लिए टेबल, महिलाओं के लिए शौचालय व बेसहारा लोगों के लिए नेकी की दीवार की व्यवस्था की। इसमें करीब डेढ़ लाख रुपए लगे। वहीं वर्तमान में जारी सेवा के लिए लगातार वाटर कूलर व पंखा चलने से प्रतिमाह करीब 1 हजार रुपए बिजली बिल का खर्च आता है। उन्होंने बताया कि लोगों की सेवा से बहुत आनंद मिलता है।

RO No. 13467/11