कोरबा। कोसाबाड़ी जोन में भाजपा पार्षदों के वार्ड में प्रर्याप्त विकास कार्य व समस्याओं का निराकरण नहीं होने का आरोप लगता रहा है। क्षेत्र के वार्ड-32 रिसदी के पार्षद अजय गौड़ ने भी नगर निगम पर अपने वार्ड में भेदभाव करते हुए पार्षद मद से भी विकास कार्य नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।जिसे लेकर पार्षद अजय गौड़ ने भाजपा कोसाबाड़ी मंडल के पार्षद दल व वार्डवासियों के साथ बुधवार को नगर निगम के कोसाबाड़ी जोन कार्यालय का घेराव कर दिया। जिससे जोन कार्यालय में पदस्थ नगर निगम अधिकारी व कर्मचारी अंदर फंसे रहे। बाहर गेट पर वार्ड की महिलाएं तख्तियां हाथ में लेकर प्रदर्शन करती रही। करीब 4 घंटे तक घेराव जारी रहा। बाद में वहां चर्चा के लिए पहुंचे निगम अधिकारी को मांग पत्र सौंपा गया। साथ ही 30 दिवस के भीतर विकास कार्य शुरू नहीं होने पर आगे भूख हड़ताल पर बैठकन विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, महामंत्री संतोष देवांगन, टिकेश्वर राठिया, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, मंडल महामंत्री दिनेश वैष्णव, पार्षद ऋतु चौरसिया, चंद्रलोक सिंह, निखिल शर्मा, नारायण दास महंत, द्रोपती वर्मा , सुकंदी यादव समेत भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। जोन कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करते पार्षद व वार्डवासी। लंबे समय से परेशान, कई बार लिखा पत्र पर अधिकारी समस्या पर नहीं दे रहे ध्यान वार्ड-32 रिसदी के पार्षद अजय गौड़ के मुताबिक उनके द्वारा 3 साल से लगातार अपने क्षेत्र की समस्याओं व विकास कार्य के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम को पत्र लिखकर अवगत कराया जाता रहा है।लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। यहां तक की पार्षद मद से दूसरे वार्ड में विकास कार्य हुए लेकिन उनके वार्ड में नहीं। 3 साल से वे और वार्डवासी परेशान है। इसलिए नगर प्रशासन को जगाने जोन कार्यालय का घेराव किया गया। आगे विकास कार्य नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।