
काठमांडू, १५ मार्च । रूस-यूक्रेन युद्ध में गत सप्ताह रूस की सेना में सेवारत सात और नेपाली नागरिकों की मौत हो गई। इसके साथ ही रूस-यूक्रेन में मृत नेपाली नागरिकों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। सैकड़ों नेपाली नागरिक यूक्रेन के खिलाफ रूस के लिए लड़ रहे हैं और कुछ नेपाली नागरिक यूक्रेनी सेना में भी सेवारत हैं लेकिन दोनों विरोधी देशों ने नेपाल सरकार के साथ जानकारी साझा नहीं की। विदेश मंत्रालय ने रूस-यूक्रेन युद्ध में रूस की ओर से लड़ रहे सात और नेपाली नागरिकों की मौत की पुष्टि करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मंत्रालय ने बताया कि उसने एक बार फिर रूसी सरकार से मृत सैनिकों के आश्रितों को मुआवजा देने, युद्ध में घायलों को इलाज मुहैया कराने और सेना में अवैध रूप से भर्ती युवाओं को वापस भेजने का अनुरोध किया है।नेपाल सरकार ने रूसी सेना में भर्ती युवाओं को वापस लाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अभी हाल ही में उप प्रधानमंत्री काजी श्रेष्ठ ने रूस से रूस-यूक्रेन युद्ध में उसकी ओर से लड़ रहे सेवारत नेपाली नागरिकों की सूची साझा करने को कहा था। इस मुद्दे पर उन्होंने नेपाल में रूसी राजदूत अलेक्सी नोविकोव से भी मुलाकात की थी।




















