
करनाल। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के तीखे सवालों का जवाब करनाल में दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 10 वर्ष प्रदेश में लाठियां और गोलियां की सरकार चलाई है। इस जनविरोधी सरकार के समय में रिकार्ड 78 लोग पुलिस की गोली से मारे गए थे। पंचकूला में डेरा प्रकरण के दौरान 40 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें सबसे ज्यादा दलित थे। जबकि भाजपा ने कोर्ट के आदेशों के खिलाफ पंचकूला में लोगों की भीड़ एकत्रित होने दी थी। खुद हाई कोर्ट ने 40 लोगों की पुलिस फायरिंग में मौत पर सवाल उठाए, लेकिन भाजपा किसी का जवाब नहीं दे पाई। उन्होंने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन करनाल के होटल नूरमहल सभागार में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के बारे में सस्ती जमीन अधिग्रहण का आरोप लगाती है। जबकि कांग्रेस सरकार के समय में हरियाणा और पूरे देश में भूमि अधिग्रहण की किसान हितैषी नीति लागू की गई थी। हमने पूरे प्रदेश के जमीन के फ्लोर रेट लागू किए थे। इससे पहले इनेलो और भाजपा ने मिलकर किसानों को जमीन अधिग्रहण के नाम पर खूब लूटा था। कांग्रेस ने नियम लागू करवाया था कि जमीन अधिग्रहण पर 33 साल रायल्टी दी जाएगी, लेकिन भाजपा ने किसानों को वह भी नहीं दी।हुड्डा ने केएमपी जमीन अधिग्रहण का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा वाले किसानों को 140 करोड़ रुपए दे रहे थे जबकि हमने उसी जमीन के 640 करोड़ रुपए मुआवजा दिया। कांग्रेस ने किसानों को रातों-रात करोड़पति बनाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि मेरठ से राजस्थान जाने वाले नेशनल हाईवे को भी भाजपा ने कैंसल करवा दिया और दादूपुर नलवी परियोजना को बंद कर दिया क्योंकि भाजपा किसानों को अधिग्रहण की उचित राशि नहीं देना चाहती थी। उन्होंने कहा कि राबर्ट वाड्रा के बारे में भाजपा द्वारा झूठा प्रचार किया जा रहा है कि उनको जमीन दी। लेकिन मैं चुनौती देता हूं कि एक इंच भी सरकारी जमीन कांग्रेस ने राबर्ट वाड्रा को नहीं दी। भाजपा वाड्रा को जमीन देने का सबूत दिखा दे तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने 10 साल कोई काम नहीं करवाया और केवल कांग्रेस के करवाए कामों का क्रेडिट छीनने में समय बिता दिया। भाजपा हांसी-महम रेल लाइन को अपनी उपलब्धि बता रही है।

























