बिलासपुर। खेत में धान रोपाई के लिए श्रमिकों को लेकर जा रहा ट्रैक्टर चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम लिमतरी और सरवानी के बीच अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर की ट्राली में सवार करीब 25 श्रमिक घायल हो गए। वहीं, एक महिला को गंभीर चोटे आई थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों को बिल्हा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सिम्स भेजा गया है।
चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम हरदी में रहने वाले किसान ग्राम सरवानी के श्रमिकों को खेत में धान रोपाई के लिए लेकर जा रहे थे। इसके लिए उन्होंने अपने ट्रैक्टर को सरवानी भेजा था। सरवानी से श्रमिक ट्रैक्टर में सवार होकर हरदी जा रहे थे। ग्राम लिमतरी और सरवानी के बीच ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर में सवार कुछ श्रमिक ट्रैक्टर ट्राली से दूर जाकर गिरे। वहीं, सरवानी निवासी लक्ष्मीन बाई केंवट(22) ट्राली में दब गई।