
अंबिकापुर। मध्यप्रदेश सीमा से लगे बलरामपुर जिले की रघुनाथनगर थाना पुलिस ने लावारिश खड़ी लग्जरी वाहन पजेरो से 368 किलो गांजा बरामद किया है। गांजा तस्कर द्वारा वाहन पंक्चर हो जाने के कारण एक ग्रामीण के घर के सामने वाहन को खड़ा कर दिया गया था। पजेरो में सवार एक व्यक्ति नीचे उतर मुख्य मार्ग में पहुंच दूसरी वाहन से अंबिकापुर की ओर चला गया। पुलिस अब वाहन के नंबर के आधार पर गांजा तस्करी में संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार बीते दो दिसंबर 2023 को रघुनाथनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कमलपुर में पजेरो लग्जरी वाहन का टायर पंचर है। वाहन संदिग्ध रूप से गांव के ही हिरामन गोंड के घर के सामने खड़ी है। सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी रघुनायनगर तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।ग्राम कमलपुर में हीरामन के घर के सामने पजेरो वाहन क्रमांक सीजी 15 सीजेड 5715 की खड़ी थी। तलाशी लेने पर पजेरो वाहन के अन्दर प्लास्टिक के पीले, सफेद रंग की 10 बोरी मिली। प्रत्येक बोरी में खाखी रंग के पेपर के पैकेट भरे हुए थे। इसे सेलो टेप से पैक किया गया था। कुल 300 से अधिक पैकेट में से एक पैकेट को खोला गया तो पुलिस भी अवाक रह गई। पैकेट में गांजा भरा हुआ था। कुल 386 पैकेट में 368.600 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत पुलिस ने76 लाख बताई है।फरार आरोपित वाहन चालक व वाहन स्वामी का यह कृत्य धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट का अपराध घटित करना पाए जाने पर प्राथमिकी की गई है।रघुनाथनगर पुलिस टीम वाहन के आधार पर आरोपितों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। आरोपितों के संबन्ध में अभी सही जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने बताया कि वाड्रफनगर-बैढऩ मुख्य मार्ग पर कमलपुर ग्राम स्थित है। मुख्य मार्ग से लगभग 300 मीटर की दूरी पर हीरामन का घर है।पजेरो वाहन को मुख्य मार्ग के बजाय बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर ले जाकर घर के सामने खड़ा किया गया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि वाहन के पंचर हो जाने के कारण ही मुख्य मार्ग के बजाए भीतर ले जाकर गाड़ी खड़ी कर दी गई थी ताकि किसी को पता न चल सके।






















