
गढ़मुक्तेश्वर, फरवरी ।
हापुड़ में नगर के सेंगावाला मोहल्ले में बच्चों के विवाद में दीपक शर्मा, उसकी पत्नी रीना और छोटे भाई सोनू शर्मा ने पड़ोसी के इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं रातभर शव के साथ सोते रहे और करीब 30 घंटों तक आरोपी शव को अपने ही घर में अलग-अलग स्थान पर छिपाते रहे।सीसीटीवी में बच्चे के कॉलोनी से बाहर नहीं जाने और एक परिवार के बच्चों के साथ उसके घर की ओर जाते दिखने पर शक हुआ। उसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर सर्च ऑपरेशन चलाया तो अंधेरे का फायदा उठाकर बच्चे के शव को पड़ोस में दूसरे व्यक्ति की छत्त पर डाल दिया। पुलिस ने बच्चे के शव को बरामद करते हुए तीनों हत्यारोपियों को हिरासत में ले लिया है। रविवार की सुबह बच्चे का अंतिम संस्कार दिया गया। नगर के मोहल्ला सेगावाला में राजाराम सैनी अपनी पत्नी संता और सात वर्षीय इकलौते पुत्र कृष्णा के साथ रहते हैं। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे कृष्णा सैनी घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। जब वह शाम तक वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने बच्चे की तलाश शुरू कर दी।उसके साथ खेलने वाले बच्चों से लेकर मोहल्ले के लोगों तक से जानकारी की गई, लेकिन कृष्णा का कोई पता नहीं चला। इस बीच मोहल्ले के रहने वाले लोगों ने कृष्णा की तलाश नगर में शुरू कर दी। परिजनों ने रात में ही पुलिस को सूचना दे दी। तब पुलिस ने आसपास तलाशने की बात कही। रात में दोबारा से परिजन थाने पहुंचे और एसएचओ से मिले।उन्होंने रात में ही साढ़े 12 बजे बच्चे की गुमशुदगी दर्ज करा दी। रातभर तलाश के बाद भी बच्चा कहीं पर नहीं मिला। पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए सीसीटीवी को अपना माध्यम बनाया। इसके बाद मोहल्ले में ही एक व्यक्ति के यहां लगे सीसीटीवी में कृष्णा आरोपित परिवार के बच्चों के साथ उनके घर की ओर जाता दिख रहा है। अन्य कैमरों की जांच की, तो बच्चा कृष्णा कॉलोनी से बाहर जाता दिखाई नहीं दिया। पुलिस ने इसके बाद शनिवार रात आरोपी के घर सर्च अभियान चलाया, तो उसके मकान की बराबर वाली छत्त पर बच्चे का शव टंकी के पास पड़ा दिखाई दिया।
गला दबाकर की गई हत्या, रातभर शव के साथ सोए आरोपीपुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने बच्चे की हत्या सिर्फ इस बात के लिए कर दी कि कृष्णा दीपक शर्मा के बच्चे वंश उम्र करीब आठ वर्ष और कार्तिक पांच वर्ष के साथ खेल के दौरान मारपीट कर देता था। शुक्रवार को उसने अपने बच्चों के हाथ कृष्णा अपने घरपर बुला लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।इसके बाद कृष्णा के शव को सोनू शर्मा के बराबर में रख दिया और सो गए। शनिवार को पुलिस की चहलपहल और मोहल्ले के लोगों ने घरों में तलाशी लेने की बात कही तो तीनों ने कृष्णा का शव वाशिंग मशीन में रख दिया और उसके ऊपर गंदे कपड़े डाल दिए।मोहल्ले के लोगों ने बताया कि दीपक शर्मा बच्चे की तलाश में लोगों के साथ लगा रहा। शनिवार की सुबह कुछ लोग सैर करने के लिए निकले तो उसने उनको डराते हुए कहा कि कुछ ही देर में पुलिस घरों में छापामारी करने आ रही है। इसलिए अपने घरों में पहुंच जाओ। डरे सहमे लोग अपने घरों में पहुंच गए।इसके पीछे उसका मकसद बच्चे के शव को घर से निकालकर कहीं ठिकाने लगाने का था। करीब 24 घंटे तक पुलिस एवं लोगों की आवाजाही के कारण वह शव को ठिकाने नहीं लगा सका।























