नईदिल्ली, 0७ अप्रैल । दिल्ली के मानसरोवर पार्क में शुक्रवार रात एक सिविल डिफेंस वॉलंटियर ने ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से परेशान होकर पत्नी के साथ जान दे दी। मृतकों की पहचान विप्लब और उनकी पत्नी मुक्ता के रूप में हुई है। वॉलंटियर दरवाजे के सहारे फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी बेड पर अचेत हालत में पड़ी मिली।आशंका है कि दंपती ने खुदकुशी की या फिर वॉलंटियर ने पहले पत्नी की हत्या और बाद में खुदकुशी की। दंपती के मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। विप्लब मूलरूप से उत्तर प्रदेश स्थित अलीगढ़ स्थित अतरौली के रहने वाले थे। उनके परिवार में पिता दिनेश चंद, मां और पत्नी मुक्ता थीं। फरवरी 2023 में दंपती की शादी हुई थी।विप्लब सिविल डिफेंस वॉलंटियर थे, वह उत्तर पूर्वी जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात थे। गत वर्ष सिविल डिफेंस को नौकरी से हटाए जाने के बाद विप्लब घर के पास अपने पिता की किराना दुकान में हाथ बंटा रहे थे। रात करीब आठ बजे के आसपास दिनेश चंद ने अपने बेटे को दुकान से कई फोन किए। उसने फोन नहीं उठाया। कुछ घंटे के बाद उन्होंने एक पड़ोसी महिला को फोन करके घर भेजा। महिला जब घर गई, तो उसके होश उड़ गए। विप्लब फंदे पर लटका हुआ था और उसकी पत्नी बेड पर थी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने बताया कि कुछ माह पहले विप्लब को पता चला था कि उसे ब्रेन ट्यूमर है, जिसके बाद वह अवसाद में था। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारणों का पता चलेगा। कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। -सुरेंद्र चौधरी, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त