
पटना, १० दिसम्बर । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार बोर्ड टापर घोटाले के मुख्य आरोपित व वैशाली निवासी अमित कुमार उर्फ बच्चा राय के तीन ठिकानों पर छापेमारी की। निदेशालय की यह कार्रवाई भगवानपुर के किरतपुर राजाराम स्थित बच्चा राय के आवास, विशुन राय कालेज और विशुन राजदेव ट्रेनिंग कालेज में एक साथ हुई। ईडी को छापेमारी में तीन करोड़ से अधिक नकद राशि मिली है, जिसके लिए नोट गिनने की मशीन मंगाई गई है। इसके अलावा पटना, वैशाली, दिल्ली समेत कई शहरों में सौ से अधिक जमीन-मकान के दस्तावेज मिले हैं। ईडी सूत्रों की माने तो देर रात तक नोटों की गिनती और दस्तावेजों की जांच जारी रही। बच्चा राय बिहार के साथ देश में पहली बार तब चर्चा में आया, जब वर्ष 2016 में उसके द्वारा चलाए जा रहे कालेज से तीन बच्चे इंटर की परीक्षा में टाप कर गए। इनमें बोर्ड टापर रूबी राय भी शामिल थी। मीडिया के द्वारा इन बच्चों के लिए गए साक्षात्कार में काफी गड़बडिय़ां सामने आईं।



























