
बिश्रामपुर। आनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच एक बार फिर नगर का एक युवक करीब एक लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गया। बिश्रामपुर पुलिस ने साइबर पोर्टल में शिकायत दर्ज कर ली है। ठगी के शिकार नगर के माइनस कालोनी निवासी पंकज कुमार राय ने बिश्रामपुर थाना के साइबर पोर्टल में दर्ज कराई है। उसने बताया कि कुछ दिनों पूर्व मोबाइल नंबर 6356928168 से उसके मोबाइल नंबर पर काल आया था और काल करने वाले ने अपना नाम कुलदीप सिंह बताया था। कथित कुलदीप सिंह नामक व्यक्ति ने उसे शेयर मार्केट में ज्यादा फायदा होने का प्रलोभन देकर ट्रेडिंग करने को कहा था। इस पर वह तैयार हो गया था। उसके बाद उसने एक अन्य मोबाइल नंबर से काल कर उसका परिचय अब्दुल वहाब पारकर नामक व्यक्ति से कराया था। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करने के लिए उसने दो नवंबर को फोनपे के माध्यम से अब्दुल वहाब के एक्सिस बैंक के खाते में 10 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। इसमे उसने मुझे 85 सौ रुपए का फायदा होने की बात बताई थी। उसके एक दिन बाद फिर उसने उससे 31500 रुपये जमा कराए थे। इसमें डेढ़ लाख रुपए का फायदा होने की बात बताई थी। उसके बाद पुणे ज्यादा लाभ होने का प्रलोभन देकर तीन नवंबर को आरोपित व्यक्ति ने उससे 56575 रुपये जमा करा लिए। उसके बाद उसे बताया गया कि उसके ट्रेड में नुकसान हो गया है। तब उसे आभास हुआ कि वह 97575 रुपए की ठगी का शिकार हो गया है। बता दें कि करीब ढाई माह पूर्व भी नगर में अपने मायके आई एक महिला आनलाइन के जरिए 16 लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गई थी। इसमें काफी मशक्कत के बाद भी पुलिस आरोपितों तक पहुंच पाने सफल नहीं हो सकी है। आनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस मामले में जागरूकता अभियान के बावजूद साइबर ठगी के मामलों में विराम नहीं लग रहा है।
























