
अंबिकापुर। दो अलग -अलग सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में एक महिला घायल है। जयनगर के ग्राम गजाधरपुर निवासी मुरलीधर गोस्वामी (46) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक के बेटे गगन राज ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 7.30 बजे उसके पिता मुरलीधर और मां विनीता देवी दोनों मोटरसाइकिल से ग्राम गंजाधरपुर पुराना घर से दादी को देखकर वापस घर कमलपुर आ रहे थे। ग्राम कमालपुर शंकर टेंट हाउस के पास मुख्य मार्ग में मोटरसाइकिल चालक के द्वारा टक्कर मारने से पिता और मां को गंभीर चोट आई थी।पिता को कमलपुर अस्पताल में उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर भर्ती कराया गया, जहां से उसे रायपुर रिफर किया गया, परिजन एंबुलेंस से घायल मुरलीधर को रायपुर लेकर रवाना हुए थे लेकिन मोरगा के पास उनकी मौत हो गई। एक अन्य घटना में बगीचा थाना के पुरंगा निवासी रामजीत प्रजापति ( 60 ) ने भी मेडिकल कालेज अस्पताल में दम तोड़ दिया।मृतक के बेटे दिनेश प्रजापति ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 10 बजे पिता रामजीत, फूफा परमेश्वर के साथ बहन के ससुर के दशकर्म में शामिल होने मोटरसाइकिल से ग्राम सोनाही जा रहे थे।तभी ग्राम सोनाही के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई थी।दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर भर्ती कराया गया जहां उपचार दौरान बीती शाम मुरलीधर की मौत हो गई है जबकि घायल का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।




















