कोरबा। शहर से लगभग 15 किमी दूर ग्राम ढनढनी में एक दंपत्ति की मौत का मामला सामने आने से इलाके में शोक छाया हुआ है। यहां पर पति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला जबकि मकान में पत्नी घायल स्थिति में मिली, जिसके बाद मौत हो गई। माना जा रहा है कि पति के द्वारा ही इस घटना को अंजाम दिया गया। उरगा पुलिस घटनाक्रम को लेकर कई संभावनाओं पर काम कर रही है। मर्ग पंचनामा के साथ मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। उरगा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढनढनी गांव में इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को कुछ घंटे पहले हुई। वहां निवासरत जनजाति समुदाय के पवन सिंह बिंझवार और पत्नी सुखमति बिंझवार काफी समय से यहां पर थे। बताया गया कि कुछ दिन पहले दंपत्ति ससुराल गई हुई थी जो ढनढनी के कुछ दूर आगे है। पता चला कि शाम को ही दोनों की ढनढनी वापसी हुई और इसके कुछ घंटे बाद यह घटना हो गई जिसमें सुखमति पर लोहे के घन से प्राणघातक हमला करने के बाद पति पवन सिंह ने उसी परिसर में फांसी लगा ली। घटना के काफी समय बाद तक पत्नी गंभीर स्थिति में यहां पर पड़ी हुई थी। आसपास के लोगों को इस बारे में जानकारी होने पर उन्होंने संज्ञान लिया। आनन-फानन में पुलिस को जानकारी दी। पीडि़ता को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल ले जाया गया लेकिन चोट की अधिकता और सिर से काफी मात्रा में रक्त बहने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल से मिले प्रतिवेदन पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। इस सिलसिले में अलग-अलग एंगल से पुलिस जांच करेगी। चूंकि पति और पत्नी की मौत हो चुकी है इसलिए अंतिम रूप से औपचारिक कार्रवाई के साथ पुलिस को केस फाइल करना होगा।