सस्ती दवाई मिलेगी रेलवे स्टेशनों पर

नैला। रेलवे बहुत जल्द जांजगीर-नैला व पेंड्रारेाड स्टेशन में जन औषधि केंद्र खोलने जा रहा है। आय के साथ जन सेवा के इस सुनहरे अवसर का लाभ कोई भी उठा सकता है। बशर्ते उसके पास नियम-शर्तों के मुताबिक दस्तावेज होने चाहिए। स्टाल आबंटन की यह प्रक्रिया ई-नीलामी के माध्यम से होगी, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को भाग लेने के लिए अपील की गई है। रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के स्वास्थ्य और जन कल्याण को बढ़ाने के प्रयास में भारतीय रेलवे ने स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र (पीएमबीजेके) स्थापित करने के लिए एक नीतिगत ढांचे की संकल्पना के आधार पर कार्य कर रही है। जिसे लाइसेंस धारियों द्वारा संचालित किया जाएगा। दैनिक आगंतुकों और यात्रियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भारतीय रेलवे अपने स्टेशनों पर लगातार सुविधाओं का उन्नयन कर रही है। रेलवे स्टेशनों पर पीएमबीजेके स्थापित करने का उद्देश्य सभी को सस्ती कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जन औषधि उत्पाद उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से रेलवे भारत सरकार के मिशन को बढ़ावा दे रही है। पायलट प्रोजेक्ट के लिए 50 स्टेशनों की पहचान की गई है। जिसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के जांजगीर-नैला व पेंड्रारोड स्टेशन भी शामिल है। ज्यादा से ज्यादा यात्रियों के स्टाल तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्टाल (आउटलेट) सर्कुलेटिंग एरिया के सुविधाजनक स्थानों पर बनाए जाएंगे। इन दोनों स्टेशनों में स्टालों का आबंटन ई-नीलामी की प्रक्रिया रेलवे के निविदा पोर्टल आइआरइपीएस के माध्यम से होगी। इन दोनों स्टेशनों में स्टाल आबंटन के लिए आनलाइन नीलामी 19 दिसंबर को दोपहर तीन बजे निर्धारित की गई है। स्टाल रेलवे प्रशासन द्वारा तैयार कर लाइसेंसधारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। लाइसेंसधारियों के पास बी फार्मा की डिग्री होना अनिवार्य है या फिर वह बी फार्मा डिग्रीधारी को नौकरी पर भी रख सकता है। इसके साथ ही दवाओं के भंडारण के लिए प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि योजना में निहित सभी वैधानिक आवश्यकताओं का पालन करना होगा। यह योजना रोजगार का एक बेहतरीन मौका है इसमें आय के साथ ही जनसेवा करने का सुनहरा अवसर भी प्राप्त होगा। इस योजना को लेकर लाइसेंसधारियों में किसी तरह भ्रम या अन्य समस्याएं न हो इसलिए एक नंबर भी जारी किया गया है। इसके अलावा बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय के एनएफ़आर अनुभाग प्राप्त किया जा सकता है।

RO No. 13467/11