
चापा। दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत सामाजिक प्रतिशीलता एवं संस्थागत विकास घटक के क्षेत्र में बेहतर काम करने पर नगरपालिका परिषद चांपा की पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अंतर्गत राजधानी रायपुर में आयोजित उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम सम्मान समारोह में पालिका अध्यक्ष के साथ सीएमओ और उनकी टीम को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरूण साव की उपस्थिति में पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम रायपुर में उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के नगरीय निकायों के कार्यों का आंकलन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत सामाजिक गतिशीलता एवं संस्थागत विकास घटक में वर्ष 2023-24 अंतर्गत नगरपालिका परिषद् चांपा को छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। नगरपालिका अध्यक्ष जय थवाईत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी भोलासिंह ठाकुर और उनकी टीम को कार्यक्रम को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर कलेक्टर आकाश छिकारा के द्वारा नगरपालिका के अध्यक्ष जय थवाईत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी भोला सिंह ठाकुर तथा सिटी मिशन प्रबंधक पोकराम पटेल, सामुदायिक संगठिका श्रीमती सुनिता प्रधान एवं श्रीमती राजकुमारी सिंह एवं समस्त अधिकारी कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व नगरपालिका परिषद् चांपा को नेशनल स्पार्क अवार्ड वर्ष 2023-24 के तहत सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले निकायों की श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ था। तब पालिका की टीम को देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया था। इसके बाद अभी राजधानी रायपुर में उत्कृष्टता सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया है।