सामूहिक विवाह के लिए जोड़ों को ले जा रहे लोगों से हुई पूछताछ

रामानुजनगर। क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर में उस समय प्रशासन के अधिकारी हरकत में आए जब एक संस्थान के द्वारा सामूहिक विवाह के लिए यहां से जोड़ों को ले जाया जा रहा था।शाम करीब साढ़े पांच बजे छोटे छोटे बच्चों के साथ महिला पुरुष की भीड़ अचानक लाव लश्कर के साथ सडक़ किनारे लाइन लगाकर बैठे हुए नजर आए।यह खबर अचानक क्षेत्र में फैली तो लोग भी वहां पहुंचे और पूछताछ किए जाने पर पता चला कि एक सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर विवाह कराने वाले जोड़ों के साथ उनके परिवार के लोग एकत्रित होकर भिलाई जाने के लिए निकले हैं और वे रेलवे स्टेशन जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं।
बताया गया कि किसी आस्था संस्था के द्वारा नि:शक्तजनों की शादी कराई जा रही है जो 15,16 जून को होना निर्धारित है। मगर सवाल उस समय उठ खड़ा हुआ जब उन्हें लेकर जाने वाले कथित एजेंटों द्वारा उक्त विवाह के संबंध में कोई भी जानकारी सही तरीके से नहीं बताई गई। इस बीच कुछ एजेंट वहां से भाग निकले। इस खबर के फैलने के बाद महिला बाल विकास अधिकारी वर्षा अग्रवाल, नायब तहसीलदार देवनगर व रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें लेकर जाने वाली महिला एजेंटों से पूछताछ कर संस्था के लोगों से जानकारी ली गई। उक्त संस्था के पंपलेट में प्रदेश भर के 301 दिव्यांग जोड़ों की शादी कराए जाने की बात लिखी गई है।मगर यहां से जोड़ों को ले जाने वाले एजेंट यहां से कितने जोड़े जा रहे हैं यह आंकड़ा भी नहीं बता पाए। भिलाई सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों के बीच कानाफूसी हो रही थी कि 1.20 लाख रुपये मिलने की बात कही गई है,उसी झांसे में फंसकर कोरिया जिले के बेलबहरा, बचरापोंड़ी से लेकर रामानुजनगर, प्रेमनगर से बड़ी संख्या में लोग निकले हैं। महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं।

RO No. 13467/11